इंदौर/ मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव के चलते लगी आचार संहिता के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सेवा करना सरकारी कर्मचारियों को भारी पड़ गई। आरोप के मुताबिक, नगर निगम इंदौर के डिप्टी कमिश्नर प्रताप सिंह सोलंकी एवं उनके साथी कर्मचारियों को शिवराज सिंह की सभा के लिए सरकारी नर्सरी से गमले पहुंचाने के मामले में सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि तीसरे अस्थाई कर्मचारी को बर्खास्त किया गया है।
इनपर हुई कार्रवाई
बता दें कि, आर्थिक राजधानी इंदौर शहर के बाईपास रोड पर स्थित एक फार्म हाउस में सीएम का कार्यक्रम हुआ था। कार्यक्रम में नेहरू पार्क की सरकारी नर्सरी से नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर प्रताप सिंह सोलंकी ने सीएम के मंच को सजाने के लिए गमले भेज दिये थे। मामले की शिकायत कांग्रेस ने चुनाव आयोग से कर दी। आयोग द्वारा मामले की जांच के बाद नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पालने डिप्टी कमिश्नर प्रताप सिंह सोलंकी और नेहरू पार्क के दरोगा सुभाष पिता मुन्नालाल को निलंबित कर दिया। वहीं, जोन नं-19 के दरोगा सौरभ शर्मा की सेवाएं खत्म कर दीं।
कांग्रेस का आरोप
मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव की आचार संहिता के दौरान सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक, 150 गमले नेहरू पार्क स्थित आयोजन स्थल भेजे गए थे। कांग्रेस द्वारा आयोजन स्थल पर ले जाते हुए नगर निगम कर्मचारियों की तस्वीरें लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की थी। नगर निगम कमिश्नर ने मामले की जांच अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह को सौंपी थी, जिसके बाद अपर आयुक्त द्वारा की गई जांच में निगम कर्मियों और अधिकारी की गलती पाई थी। इसके बाद संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की गई।